पेयजल आपूर्ति के लिए नहीं बिछी पाइप लाइन
गढ़मुक्तेश्वर। खुडलिया गांव में पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति होने के बाद भी एक कॉलोनी के लोग सुविधा से दूर हैं। पाइप लाइन न होने के चलते उन्हें दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा हे। कॉलोनीवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर पाइप लाइन बिछवाकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र के गांव खुडलिया के हरोड़ा मोड़ की गली नंबर तीन के निवासियों ने बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिनका कहना है कि गांव में ग्राम पंचायत स्तर से टंकी द्वारा पीने के पानी की सप्लाई की जाता है, लेकिन उनकी कॉलोनी में अभी तक भी पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन नहीं डाली गई है। इसके चलते कॉलोनी के लोगों को काफी दूर से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि सिंभावली समेत आसपास के गांवों का पानी प्रदूषित हो चुका है। टंकी की पाइप लाइन न होने के चलते उन्हें भी हैंडपंपों का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे कॉलोनी के लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि मात्र 100 मीटर दूरी पर ही पाइप लाइन मौजूद है, लेकिन करीब एक दर्जन मकानों को पाइप लाइन से नहीं जोड़ा गया है। कई बार ग्राम प्रधान समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। इससे लोगों में रोष पनप रहा है।
रियाज सैफी का कहना है कि दूषित पानी के चलते वह हेपेटाइटिस से ग्रस्त है, वहीं हेपेटाइटिस के चलते उसके पिता की मौत भी हो चुकी है। बिलाल का कहना है कि कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछवाने के लिए कई बार शासन-प्रशासन को भी पत्र भेजा गया है। लेकिन अभी तक भी वह लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान सुधा सिंह का कहना है कि ग्राम पंचायत में जल निगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराकर पाइप लाइन डलवाने के बाद ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दी गई। पंचायत स्तर पर पाइप लाइन बढ़ाने के लिए बजट की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है।