कांवड़ यात्रा : एसडीएम ने दत्तियाना के मंदिर की परखी सुरक्षा व्यवस्था
गढ़मुक्तेश्वर। कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर एसडीएम ने गांव दत्तियाना में चौपाल लगाई। एसडीएम ने गांव समेत प्राचीन लाल मंदिर में सफाई समेत श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
सिंभावली क्षेत्र के गांव दत्तियाना में प्राचीन भूतेश्वर नाथ शिव मंदिर है। जहां प्रतिवर्ष हरिद्वार, गोमुख और ब्रजघाट से गंगा जल लेकर आने वाले शिवभक्त कांवड़िए भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर बृहस्पतिवार को एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी ने गांव में जन चौपाल का आयोजन किया, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के संबंध में ग्रामीणों से वार्ता कर सुझाव लिए गए। इसके बाद उन्होंने गांव के मुख्य रास्तों और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर समिति ने एसडीएम से दो दिन बिजली आपूर्ति 24 घंटे सुचारु रखने, जलाभिषेक वाले दिन मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग रखी। एसडीएम ने प्रधान सतवीर त्यागी को गांव और मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने समेत जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए बेरिकेड़िंग कराने का भी निर्देश दिया। इस मौके पर पवन हूण, संजय त्यागी, राकेश गिरि, योगेश त्यागी, अजय त्यागी, सुवीश त्यागी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।