बिजली मीटर लगाने की आड़ में उपभोक्ताओं से अवैध वसूली
गढ़मुक्तेश्वर। बिजली मीटर लगाने की आड़ में उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही हैं। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है। जिसके कारण उपभोक्ताओं को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सिंभावली के हरोड़ा मोड़ निवासी यतेंद्र शर्मा ने एसडीओ कार्यालय गढ़ में शिकायत पत्र दिया है, जिसमें उल्लेख किया है कि उसके बड़े भाई दिल्ली में नौकरी करते हैं। जिसके चलते वह उनके घर की देखरेख करता है। शिकायत कर्ता का कहना है कि बिजली निगम से संबधित एक युवक घर पहुंचा, जिसने मीटर लगा दिया और इस एवज में दो सौ रुपये की रकम मांगने लगा। पूछताछ करने पर उक्त युवक ने बताया कि एक मीटर लगाने पर दो सौ रुपये की रकम ऊपर पहुंचानी पड़ती है। शिकायत कर्ता का कहना है कि दो सौ रुपये की रकम लेने के बाद नए मीटर की सीलिंग (रसीद) देकर वह वापिस चला गया। जिसमें तीस मीटर केबल घर में लगाया हुआ दर्शाया गया है मगर मौके पर एक मीटर केबल भी नहीं लगाया गया है। शिकायत कर्ता का कहना है कि कनेक्शन मंजूर होने के बाद भी जो उपभोक्ता अवैध रकम नहीं देते हैं, उनके घर अथवा दुकानों पर मीटर नहीं लगाए जा रहे हैं। यतेंद्र शर्मा का कहना है कि एसडीओ कार्यालय में की गई शिकायत पर जांच का आश्वासन दिए बिना ही उसे वापस भेज दिया। जिसके बाद उसने अपने क्षेत्र के जेई राजकुमार से इस संबंध में शिकायत की मगर जेई ने भी नए मीटर लगाने का मामला प्राइवेट कंपनी से जुड़ा होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
एक्सईएन राकेश कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी, जिसमें कोई भी सच्चाई सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।