अवैध खनन के आरोप में कंपनी पर लगा 2.9 लाख का जुर्माना
हापुड़। हाइवे निर्माण में लगी एक कंपनी पर अवैध खनन के मामले में 2.9 लाख का जुर्माना लगाया गया है। अनुमति से अधिक खनन करने के मामले में जिला अधिकारी अदिति सिंह के आदेश पर यह कार्रवाई हुई है। वहीं भविष्य में अवैध खनन की शिकायत पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम अदिति सिंह जिले में अवैध खनन को लेकर गंभीरता दिखा रही हैं। जिसके तहत जिले में हो रहे निर्माण कार्यों की जांच हो रही है। हाइवे निर्माण को लेकर जनपद के आसापस के गांवों में मिट्टी का खनन हो रहा है। जिसकी अनुमति कंपनी द्वारा जिला प्रशासन से ली गई है। लेकिन कंपनी के खिलाफ अनुमति से अधिक मिट्टी की अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। सिरोधन गांव में भी जब जिला खनन अधिकारी और राजस्व विभाग द्वारा जांच की गई तो वहां अवैध खनन होता मिला। जिलाधिकारी के आदेश पर कं पनी को नोटिस भेजा गया था, और उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। लेकिन कंपनी प्रबंधन की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद डीएम ने कंपनी पर 2.9 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिे। वहीं डीएम ने निर्माण कार्य में लगी कंपनियों को अनुमति के हिसाब से खनन किए जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि कहीं भी अनियमितता बरती गयी तो कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनन बरदाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कहीं अवैध खनन मिलता है तो शिकायत करें तुरंत कार्रवाई होगी।