चैन पुलिंग के चलते गंगा पुल पर रुकी आला हजरत एक्सप्रेस
गढ़मुक्तेश्वर। सोमवार को गढ़ में चैन पुलिंग के चलते आला हजरत एक्सप्रेस गंगा पुल के पास रुक गई। उफनती गंगा के ऊपर ट्रेन रुकने से यात्रियों के होश उड़ गए। आरपीएफ जवानों ने चैन पुलिंग करने वाले को काफी खोजा लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। लगभग 10 मिनट बाद ट्रेन रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
गुजरात के भुज से दिल्ली को आ रही आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार की देर शाम को ब्रजघाट गंगा पुल को पार कर रही थी तो उसमें सवार किसी यात्री ने चैन खींच दी, जिससे ट्रेन का इंजन ब्रजघाट स्टेशन के पास पहुंच गया और कई डिब्बे पुल के ऊपर रुक गए। नीचे उफनती गंगा और संकरे पुल में नीचे उतरने की कोई जगह न होने से ट्रेन में सवार महिला बच्चों समेत सैकड़ों यात्री किसी अनहोनी की आशंका से कांप उठे। ट्रेन में सवार आरपीएफ जवानों ने आनन फानन में इधर उधर तलाश की मगर चैन खींचने वाले का कोई भी सुराग नहीं लग पाया। गढ़ स्टेशन अधीक्षक शिवमूर्ति सिंह का कहना है कि भुज से दिल्ली को जा रही आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन चैन पुलिंग होने से ब्रजघाट स्टेशन और गंगा पुल में रुक गई थी, जिसे करीब दस मिनट बाद आगे का रवाना कर दिया गया है।