50 किलो के बैग में निकला 43 केजी उर्वरक, किसानों ने किया हंगामा
हापुड़। गढ़ रोड स्थित दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी से किसानों को दिए गए 50 किलोग्राम पोटाश के बैग में सिर्फ 43 किलोग्राम उर्वरक निकला। इसके विरोध में किसानों ने जोरदार हंगामा कर, पुलिस को बुला लिया। सूचना कृषि अधिकारी को भी दी। एक घंटे तक नौकझोक चली, बाद में दुकानदार ने अपनी गलती मानते हुए घटतौली वाले कट्टों को वापस लेकर दूसरे कट्टे दिए।
गुलावठी के गांव साधारणपुर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी से पोटाश लेने आया था, आलू में इसकी आवश्यकता थी। 50 किलोग्राम का एक बैग 1700 रुपये का था, जिसका पक्का बिल दुकानदार ने उसे दिया। लेकिन कट्टे के अंदर वजन कम होने की आशंका पर जब उसकी तौल करायी तो 50 किलो के स्थान पर सिर्फ 43 किलो पोटाश ही निकली।
इस पर किसान ने हंगामा शुरू कर दिया, यह घटतौली एक या दो कट्टों में नहीं थी। बल्कि अधिकांश कट्टों में थी। किसान ने इस संबंध में 112 नंबर पर कॉल की, सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी बिल का जायजा लिया और कट्टों की तौल करायी। इसमें घटतौली थी, किसान ने एसडीएम से बात कराने की मांग की, जिस पर दुकानदार ने जिला कृषि अधिकारी का फोन लगाकर किसान को दे दिया।
करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा, किसान का कहना था कि उसने 13 बैग खरीदे थे, घटतौली के जरिए हर बैग पर उसे 250 रुपये तक चूना लगाया जा रहा था। सभी किसानों के साथ यही किया जा रहा है, दुकानदार विकास ने पुलिस को बताया कि ट्रक से उतारते समय कुछ कट्टे फट गए थे, जिनमें पोटाश कम था। किसी कारण से वही कट्टे किसान को दे दिए गए। बाद में दुकानदार ने माफी मांगते हुए कम वजन के कट्टों को वापस ले लिया और 50 किलोग्राम वजन के बैग किसान को दिए।
-उर्वरकों की घटतौली पर होगी कार्रवाई
उर्वरकों की घटतौली बर्दाश्त नहीं होगी, इसकी शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। किसानों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।--मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी।