टोल प्लाजा पर रोडवेज बस के यात्रियों का हंगामा
हापुड़। नेशनल हाइवे स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर बुधवार रात रोडवेज बस में सवार यात्रियों ने कर्मियों द्वारा अवैध वसूली को लेकर हंगामा कर दिया। इससे टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति बन गई। आरोप था कि बस की चौबीस घंटे की टोल संबंधी पर्ची कटी हुई थी। लेकिन टोल कर्मियों ने पर्ची को फाड़ दिया। बाद में पहली टोल पर्ची को स्वीकार करने के बाद यात्री शांत हुए।
हापुड़ से नोएडा के बीच हापुड़ डिपो की रोडवेज बस चलती है। बस चालक हापुड़ निवासी संजू कुमार ने बताया कि बस की चौबीस घंटे के लिए 350 रुपये की टोल प्लाजा पर पर्ची कटी हुई थी। रात में नोएडा से लौटते हुए समय जाम में फंसने के कारण बस टोल प्लाजा पर निर्धारित पर्ची समय के अनुसार मात्र कुछ मिनटों की देरी से पहुंची। जबकि टोल के आसपास भी जाम था। चालक द्वारा पहले काटी गई पर्ची दिखाने पर टोल कर्मी ने समय समाप्त होने की बात कहते हुए पर्ची को फाड़ दिया। कर्मी का यह रवैया देख बस में सवार यात्री भड़क गए और उन्होंने बस से उतरकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे टोल पर जाम भी लग गया। पुलिस व टोल प्लाजा के मैनेजर शेषनाग ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों से बातचीत की और बस को पहली वाली पर्ची के आधार पर आगे रवाना कर दिया।