अधिकारियों पर सही जांच न करने का आरोप
हापुड़। क्षेत्र के गांव नवादा के लोगों ने विकास कार्यों की अनियमितताओं की शिकायत पर जांच करने पहुंचे अधिकारियों पर खानापूर्ति का आरोप लगाते हुए डीएम से मामले की शिकायत की है।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने गांव में विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाते हुए 22 बिंदुओं पर जांच की मांग की थी। जिस पर जिला कृषि अधिकारी और आरईएस के अवर अभियंता को जांच के लिए गांव भेजा गया था। हालांकि ग्रामीणों ने इन दोनों अधिकारियों का पहले ही विरोध किया था। गांव में 22 बिंदुओं पर जांच होनी थी। लेकिन अधिकारी छह बिंदुओं पर ही जांच कर लौट गए। टीम ने प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी व अवर अभियंता पर करीब 73 हजार रुपये की रिकवरी वसूलने के आदेश दिए थे। ग्रामीण बलबीर ने बताया कि गांव में 66 खंभों पर लाइट दिखायी हैं जो गलत है। लाइटों की कीमत भी तीन गुनी दर्शायी गयी है। डस्टबिन को लेकर भी बड़ा घोटाला है। लेकिन अधिकारी जांच में खानापूर्ति कर रहे हैं। इस संबंध में डीएम अदिति सिंह से शिकायत कर सही तरीके से जांच की मांग की गयी है।