मेला रोड होगी वन वे, मेला स्थल पर बनेंगे पक्के घाट
गढ़मुक्तेश्वर। प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने रविवार को कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं मेला रोड को वन वे और मेला स्थल पर पक्के घाट बनाने के लिए भी जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा है। राज्य मंत्री ने तट पर हवन कर मां गंगा की आरती भी की।
नरेंद्र कश्यप ने मेला स्थल पर बनी अस्थाई पुलिस लाइन के सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि गढ़ क्षेत्र में गंगा तट पर लगने वाला यह मेला पौराणिक महत्व का है। गढ़ क्षेत्र की महत्ता किसी से छिपी नहीं है। भाजपा सरकार ने इस मेले को मेला मानचित्र पर लाते हुए अनुदान देकर सराहनीय कार्य किया है। जिससे मेले की व्यवस्था में भी सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार ने इस मेले की गरिमा और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए उत्कृष्ट बनाया है।
- मेले का प्रवेश मार्ग और उत्कृष्ट हो, सड़क का हो चौड़ीकरण, गंगा तट पर बने पक्के घाट
नरेंद्र कश्यप ने बैठक के दौरान कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। आने वाले वर्षों में मेले को और भी भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि मेले का मुख्य द्वारा और अधिक भव्य होना चाहिए। वहीं नक्का कुआं मंदिर से मेला स्थल तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण(वन वे) समेत तट पर पक्के स्नानघाट बनाए जाने के लिए डीएम को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले का समापन होने के बाद एक बार फिर दोनों प्रस्तावों को लेकर बैठक की जाएगी। ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को परेशानियां न उठानी पड़े। जिसके बाद राज्य मंत्री ने प्रदर्शनी, खोया-पाया कैंप का निरीक्षण किया। गंगा तट पर हवन में आहुति देकर सकुशल मेला संपन्न होने की कामना की और मां गंगा की आरती में भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर डीएम मेधा रूपम, एसपी दीपक भूकर, सीडीओ प्रेरणा सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रमोद नागर, मेलाधिकारी विवेक यादव, एसडीएम प्रहलाद सिंह, सीओ स्तुति सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।