हापुड़ थाना देहात क्षेत्र के अन्तर्गत एलएन रोड के पास गांव लोधीपुर स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में बृहस्पतिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देर रात पहुंची फायर ब्रिगेड आग बुझाकर चली गई। सुबह गोदाम खोला गया तो उसे में जला हुआ अज्ञात शव बरामद हुआ। पुलिस हत्या या हादसे के बिंदु पर जांच कर रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है।
गांव मंसूरपुर निवासी संजय का लोधीपुर स्थित फर्नीचर का गोदाम है। इस गोदाम में पुराने फर्नीचर को ठीक करने का काम किया जाता है। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम गोदाम में दो कर्मचारी मौजूद थे और काम खत्म होने पर दोनों ताला लगाकर घर लौट गए थे। रात करीब दस बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में आग लग गई।
गोदाम से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों ने गोदाम मालिक व फायर ब्रिगेड की टीम को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में मालिक व दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद फायर कर्मी और गोदाम मालिक वापस लौट गए।
शुक्रवार सुबह गोदाम मालिक मौके पर पहुंचा और अंदर नुकसान का जायजा लेना शुरू किया। इस दौरान ऊपर सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का जला शव पड़ा दिखाई दिया तो उसके होश उड़ गए। शव की सूचना पर लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। थाना देहात प्रभारी आशीष कुमार, पुलिस बल और फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच और शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
एएसपी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गोदाम के आसपास स्थित मकानों व प्रतिष्ठानों लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मालिक और गोदाम में काम करने वाले दो मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गोदाम में कुल पांच कर्मचारी काम करते थे। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। शव करीब 60 प्रतिशत तक जल चुका है, ऐसे में शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का कारण पता चल सकेगा।