दिल्ली रोड बिजलीघर पर मेंटीनेंस के चलते शहर के मुख्य दिल्ली रोड और अतरपुरा बिजलीघर शुक्रवार दोपहर में एक घंटे तक बंद रहे। इससे आधे शहर की आपूर्ति गुल हो गई। बिना रोस्टिंग बिजली जाने से लोगों को गर्मी से परेशानी हुई।
नगर के अतरपुरा और दिल्ली रोड बिजलीघर को आपूर्ति मोदीनगर रोड स्थित 132 केवी क्षमता के बिजलीघर से मिलती है। दोनों बिजलीघरों के लिए बड़े बिजलीघर से एक लाइन आ रही है। शुक्रवार को दिल्ली रोड बिजलीघर में मेंटीनेंस कार्य किया जाना था। दोपहर 12.35 बजे निगमकर्मियों को शट डाउन लेना पड़ा।
शट डाउन के चलते दोनों मुख्य बिजलीघर बंद हो गए। अचानक आधे शहर की बत्ती गुल होने से लोगों को गर्मी में दिक्कत झेलनी पड़ी। हालांकि एक घंटे बाद मेंटीनेंस कार्य पूरा कर दोनों बिजलीघरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई, तब कही जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
एसडीओ प्रथम देवेंद्र सिंह का कहना है कि मेंटीनेंस के चलते समस्या बनी थी।