गुरुजी पास कर देना, फेल हो गया तो शादी टूट जायेगी। रिश्ता हो गया है। सुसराल के लोगों ने शर्त रखी है कि लड़का इंटर पास होना चाहिए अन्यथा वह शादी नहीं करेंगे। प्लीज, प्लीज, मेरी शादी हो जाए। इसलिए मुझे जरूर पास कर देना।
गुरुजी मैं आपके चरण स्पर्श करता हूं। यह कोई फिल्मी डॉयलाग नहीं है। बल्कि यूपी बोर्ड के मूल्यांकन के दौरान एक छात्र ने परीक्षक से पास होने की फरियाद की है। यूपी बोर्ड एग्जाम का मूल्यांकन मारवाड़ इंटर कॉलेज में चल रहा है। मूल्यांकन के दौरान एक परीक्षार्थी की ऐसी कापी मिली कि खुद परीक्षक ही भौचक्का हो गए।
कापी में छात्र ने लिखा था कि गुरुजी पास कर देना, फेल हो गया तो शादी टूट जायेगी। मेरे माता पिता चाहते है कि मैं पढ़ लिखकर बड़ा आदमी बनूं। माता-पिता ने मेरे लिये लड़की पसंद कर ली है। सुसराल पक्ष के लोगों ने शर्त रखी है कि कम से कम लड़का इंटर तक पढ़ा होना चाहिए।
छात्र ने आगे लिखा है कि कम से कम गुरुजी शादी के लिए ही मुझे पास कर देना। फेल हो गया तो मेरे माता-पिता का सपना टूट जाएगा। मेरी शादी नहीं टूटनी चाहिए, क्योंकि मैं भी अब उस लड़की को पसंद करने लगा हूं। वह भी मुझे पसंद करती है। वह बीए में पढ़ रही है। उसी ने मुझे बोर्ड एग्जाम में तैयारी कराई थी।
गुरुजी प्लीज, मेरी जिंदगी का सवाल है पास कर देना। मैं आपका एहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। केंद्र के प्रभारी एवं प्रधानाचार्य राजेश यादव ने बताया कि फरियाद लिखी कापियों मिल रही हैं। जिसके संबंध मे अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।