गढ़मुक्तेश्वर। बुधवार देर रात नगर के स्याना चौपला स्थित पुलिस चौकी के पास प्रबंधक के साथ मारपीट के दौरान बीच बचाव कर रहे गेस्ट हाउस स्वामी संदीप ऊर्फ विशु शर्मा अचानक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया,जहां से चिकित्सकों ने तुरंत ही उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
नगर के मोहल्ला घोसियान निवासी संदीप शर्मा स्याना चौपला पर गेस्ट हाउस का संचालन करते थे। उनके गेस्ट हाउस में कुलदीप चौधरी प्रबंधक हैं। बुधवार की देर रात कुलदीप ने उन्हें सूचना दी कि दो लोग गेस्ट हाउस पर आए और कमरा लेने की बात कही। इस दौरान आरोपियों ने शराब के नशे में उसके साथ गाली गलौज की। सूचना मिलते ही संदीप गेस्ट हाउस पहुंच गए। लेकिन, इसी बीच कुलदीप युवकों के चंगुल से छूटकर मदद लेने के लिए चौराहे पर बनी पुलिस चौकी पर पहुंच गए। उसके पीछे ही आरोपी भी वहां पहुंचे और दोबारा हमला कर दिया। संदीप ने चौकी के पास पहुंचकर गेस्ट हाउस प्रबंधक को बचाने की कोशिश की। इस दौरान अचानक वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गए। बेहोशी की हालत में पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया,जहां से चिकित्सकों ने तुरंत ही उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।
मूक दर्शक बने रहे पुलिसकर्मी
हाईवे पर बनी चौकी के पास हंगामा करते हुए दो युवकों ने गेस्ट हाउस प्रबंधक को बेरहमी से पीटा। चंद कदमों पर सुरक्षा के लिए बनी चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी इसे महज मूकदर्शक बनकर देखते रहेे। उन्होंने हंगामे को रोकने की कोशिश तक नहीं की।
कोट -
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। लेकिन जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - स्तुति सिंंह, सीओ