कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर रोड पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने छापामार कार्रवाई की। टीम ने एक चमड़े के गोदाम को सील किया। इस दौरान लोगों ने अधिकारियों की गाड़ी को भी घेर लिया। साथ ही अन्य कारोबारियों में भय का माहौल हो गया।
सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा। सत्ता परिवर्तन के बाद यूपी में अवैध पशु कटान पर रोक लगाने के आदेश जारी हो चुके हैं। आला अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की मानिरिटिंग की जा रही है।
ऐसे में बुधवार की शाम डीएम अनिल ढींगरा के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। टीम सबसे पहले बुलंदशहर रोड स्थित कमेला रोड पर पहुंची। जहां गाडिय़ों में बैठकर ही अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इसके बाद टीम रामपुर रोड पर पहुंची।
लेकिन टीम मीट फैक्ट्री के सामने से गाड़ी मोड़कर वापस एक चमड़े के गोदाम पर आकर रुक गई। जहां अधिकारियों ने गोदाम संचालक हाजी अलीम से दस्तावेज मांगे। लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। जिसके चलते अधिकारियों की टीम ने उसे सील कर दिया।
छापामार कार्रवाई की सूचना मिलते ही वहां व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। साथ ही अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ी का भी घेराव किया। लेकिन भारी पुलिस बल ने भीड़ को हटाते हुए कार्रवाई जारी रखी।
एसडीएम अजय श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध रूप से चलने वाले पशु अवशेष के गोदाम व कटान पर रोक लगाई जा रही है। एक गोदाम को सील कर कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।
कार्रवाई के लिए पहुंचे एसडीएम व सीओ अपनी गाड़ी में ही बैठे रहे। ऐसे में गाड़ी में बैठकर ही उन्होंने गोदाम संचालक से दस्तावेज मांगे। तो लोगों में ये कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई।
कई अधिकारी मुंह पर रुमाल रखकर बदबू से बचते नजर आए। अधिकारियों ने इस दौरान कटान पर रोक लगाने के लिए विभिन्न मार्गो पर एक सर्वे भी किया।