नोएडा में ड्राइवर था सुमित
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी रोहित ने बताया कि उसका बड़ा भाई सुमित अपने परिवार के साथ सेक्टर जूहु-2, ब्लॉक डी, थाना दादरी, नोएडा गौतमबुद्धनगर में रहता था। सुमित नोएडा की एक कंपनी में गाड़ी चालक के रूप में काम करता था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
छोटी बुआ के बेटे की सगाई में गया था सुमित
रोहित के अनुसार, रविवार को सुमित अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर डेयरी, चौगानपुर स्थित एक कार्यक्रम स्थल पर अपनी छोटी बुआ के बेटे के सगाई समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में उसकी बड़ी बुआ के दोनों बेटे और चचेरा भाई भी मौजूद थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान सुमित के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
700 गज जमीन के विवाद में हुई हत्या
परिजन घायल सुमित को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिजन शव लेकर उसके पैतृक गांव बिरसिंहपुर पहुंच गए। मृतक के भाई रोहित ने आरोप लगाया कि गांव में करीब 700 गज घेर की जमीन को लेकर उनके परिवार का चाचा के परिवार से पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते चचेरे भाई ने बुआ के दोनों बेटों के साथ मिलकर उसके भाई की पीट-पीटकर हत्या कर ने का आरोप लगाया है।
सीओ ने बताया नोएडा में हुई घटना
सीओ गढ़ राहुल यादव ने बताया कि घटना नोएडा क्षेत्र में हुई है। सिंभावली पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना की जानकारी संबंधित थाने को दे दी गई है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।