सिंभावली। गांव वैठ में मुर्गी फार्म में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों से 4 किलो 450 ग्राम वजन के तांबे के तार बरामद किए हैं।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि गांव वैठ स्थित मुर्गी फार्म में करीब एक माह पहले चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में फार्म संचालक काशिफ खान निवासी वैठ की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
घटना के खुलासे और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। सीओ ने बताया कि सिंभावली पुलिस ने आरोपी अरमान निवासी पिपलैड़ा, थाना धौलाना और जावेद उर्फ मलका निवासी अट्टा, थाना दनकौर, जनपद गौतमबुद्धनगर को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए तांबे के तार बरामद कर लिए। बरामद तांबे के तार का वजन चार किलो 450 ग्राम बताया गया है। सीओ का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।