वित्तीय वर्ष शुरू हुए महीना भर बीत गया, लेकिन नगर पालिका ने अभी तक इस वर्ष का होर्डिंग लगाने का ठेका नहीं दिया है। ऐसे में जगह-जगह अवैध रूप से लगे होर्डिंग पालिका को मुंह चिढ़ा रहे हैं, साथ ही पालिका की आय को भी चूना लगा रहे हैं। शहर की सुंदरता पर ग्रहण-सा लग रहा है, वह अलग।
इस वित्तीय वर्ष में नगर पालिका ने अभी तक किसी भी पब्लिसिटी एजेंसी को होर्डिंग लगाने का ठेका नहीं दिया है। फिर भी शहर में अवैध होर्डिंग का जाल बिछा हुआ है। पिछले वर्ष नगर पालिका परिषद ने 11 पब्लिसिटी एजेंसियों को होर्डिंग लगाने की अनुमति दी थी,
लेकिन यह अनुमति 31 मार्च को समाप्त हो गई है। एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इस वित्तीय वर्ष के लिए प्रचार का ठेका नहीं उठाया गया है। इसके बाद भी शहर के मुख्य चौराहों, मार्गों पर होर्डिंग की भरमार है।
ऐसे में पालिका को राजस्व की हानि हो रही है। साथ ही तहसील चौपला, मेरठ रोड तिराहा, अतरपुरा चौपला, पक्का बाग, रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड, बुलंदशहर रोड आदि मार्गों पर अवैध होर्डिंग से शहर की सुंदरता पर ग्रहण सा लग रहा है।
उधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एसके मिश्रा का इस बाबत कहना है कि होर्डिंग लगाने का ठेका जल्द उठाया जाएगा। अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।