हापुड़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में युवक ने घर में घुसकर बीएससी की छात्रा से छेड़छाड़ कर उसे बदनाम करने की धमकी दी। आरोप है कि इससे आहत होकर छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 20 जनवरी की है। पुलिस ने अब मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी पुत्री नगर के एक कॉलेज में बीएससी में पढ़ती थी। करीब एक माह पहले उसकी पुत्री गुमसुम रहने लगी। पुत्री को विश्वास में लेकर पूछा तो उसने बताया कि साहिल उर्फ गौरव निवासी गांव सहसपुरा थाना सिंभावली जोकि उसके गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां रिश्तेदारी में रहता है, कॉलेज आते जाते उसके साथ छेड़छाड़ करता है। 28 दिसंबर 2023 को गांव निवासी व्यक्ति के घर पहुंचा और आरोपी साहिल उर्फ गौरव को समझाने की बात कही। इसके बाद पीड़ित 20 जनवरी की सुबह जल्दी अपने काम पर चला गया। वहीं, उसकी पत्नी बच्चों को लेकर घेर में पशुओं का चारा करने के लिए चली गई।
बाद में पत्नी ने घर आकर देखा तो उसकी पुत्री ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। 26 जनवरी को उसकी पुत्री की अरष्टि थी। इस दौरान पत्नी ने बताया कि 20 जनवरी को आरोपी साहिल उर्फ गौरव घर में घुस आया और उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने लगा। पुत्री के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और किसी और से शादी करने पर बदनाम करने की धमकी दी थी। इस बीच शोर सुनकर पीड़ित का भाई संजय व आनंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी साहिल उर्फ गौरव को घर से भगाया। आरोप है कि इसी के चलते उसकी पुत्री ने आत्महत्या की है। उसने बताया कि शुक्रवार को जब वह रिपोर्ट लिखाने थाने आ रहा था। रास्ते में गांव निवासी सोनू, नरेश व सोनू के साले सचिन ने रिपोर्ट लिखाने पर जान से मारने की भी धमकी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।