गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नंगला बड़ में हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से झुलसी 10 वर्षीय रुकैया की शुक्रवार की रात को मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव निवासी हसन की बेटी रुकैया 22 मार्च की शाम अपने दो मंजिला मकान की छत पर खेल रही थी। इस दौरान उसके हाथ में सीलिंग फैन के कंडेंसर की पिन्नी थी, जो अचानक उड़कर घर के बराबर से होकर गुजर रही एचटी लाइन से टकरा गई। लाइन अत्यधिक नजदीक होने के कारण रुकैया को करंट लगा और वह झुलस गई। परिजनों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने बच्ची को मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। तभी से बच्ची का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा था। ग्राम प्रधान के पति आरिफ ने बताया कि मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि बच्ची की मौत की सूचना मिली है। इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।