हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड मोहल्ला प्रीत विहार स्थित फ्लैट में 16 फरवरी की देर शाम फंदे से लटके मिले युवती के शव के मामले में नया मोड़ आया है। युवती का शव तीन दिन तक पंखे से लटका हुआ था। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। मृतका के भाई ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर उसकी बहन के साथ दुष्कर्म करने व हत्या करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को इस मामले में एसपी से शिकायत की है। एसपी ने निष्पक्ष जांच कर मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
थाना गढ़मुक्तेश्वर के गांव निवासी युवक ने एसपी से शिकायत में बताया कि उनकी बहन नोएडा के कासना क्षेत्र स्थित निजी कंपनी में नौकरी करती थीं। पिछले कई महीनों से उनकी बहन दिल्ली रोड के मोहल्ला प्रीत विहार स्थित किराए के फ्लैट में रह रही थीं। नौकरी के दौरान उनकी बहन का गांव के ही युवक से संपर्क हो गया था। आरोप है कि युवक ने उनकी बहन को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उनकी बहन के साथ दुष्कर्म किया।
भाई ने बताया कि आरोपी उनकी बहन के साथ करीब तीन माह से रह रहा था। उनकी बहन ने जल्द एक दूसरे से शादी करने की बात कही थी। 13 दिन पहले उनकी बहन ने रोते हुए छोटी बहन को फोन पर बताया कि आरोपी ने उससे शादी करने से इन्कार कर दिया है। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। बताया कि 12 फरवरी को युवक ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली थी। इससे उनकी बहन मानसिक रूप से काफी परेशान थीं। मृतका के भाई ने बताया कि 16 फरवरी की देर शाम पुलिस ने फोन करके बताया कि उसकी बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस को निष्पक्ष जांच कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-
आरोपी को की थी वीडियोकॉल
जिस कमरे में युवती का शव मिला उसमें बहुत कम सामान था। यहां तक कि कमरे में कोई बेड या चारपाई तक नहीं थी। युवती कमरे के फर्श पर ही गद्दा बिछाकर सोती थी। पुलिस के अनुसार युवती ने मरने से पहले युवक को वीडियो कॉल भी की थी। फंदे पर लटकने की बात कहने पर भी युवक ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।