हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी स्थित उचित दर की दुकान पर 120 क्विंटल से अधिक गेहूं व चावल के गबन का मामला सामने आया है। मामले में पूर्ति निरीक्षक पूजा गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने राशन डीलर व उसके पुत्र के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। विभागीय टीम ने खाद्यान्न को जब्त कर निकटतम राशन डीलर को सुपुर्द कर दिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उन्हें मोहल्ला पन्नापुरी स्थित मेसर्स महेश शर्मा उचित दर विक्रेता द्वारा खाद्यान्न का वितरण न करके केवल ई-पाश मशीन पर अंगूठा लगवाकर कार्डधारकों को पर्ची देने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर उन्होंने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गढ़मुक्तेश्वर अर्चना उपाध्याय व पूर्ति लिपिक सुमित कुमार को जांच करने के लिए भेजा था। टीम के यहां पहुंचे पर दुकान खुली मिली, लेकिन विक्रेता महेश शर्मा मौके पर मौजूद नहीं थे। बल्कि उनका पुत्र कपिल कुमार दुकान का संचालन कर रहा था। टीम को जांच के दौरान दुकान पर करीब 100 किलोग्राम चावल व 50 किलोग्राम गेहूं खुला मिला।
इसके अलावा दुकान में ई-पाश व ई-वेइंग मशीन, 41 खाली जूट के कट्टे और एक व पांच किलोग्राम के लोहे के बांट मिले। टीम ने विभागीय वेबसाइट व ई-पाश मशीन की रिपोर्ट से स्टॉक का मिलान करने पर खाद्यान्न का गबन पाया। रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी 2026 का अवशेष चावल छह क्विंटल 26 किलोग्राम व गेहूं पांच क्विंटल चार किलोग्राम, जबकि फरवरी 2026 में 44.22 क्विंटल चावल व 66.12 क्विंटल गेहूं अवशेष होना चाहिए था। कुल मिलाकर 50.98 क्विंटल चावल व 71.16 क्विंटल गेहूं स्टॉक में होना चाहिए था। टीम को मौके पर 49.98 क्विंटल चावल व 70.66 कुंतल गेहूं कम पाया गया था।
इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद करीब 20 कार्डधारकों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। कई कार्डधारकों ने बताया कि विक्रेता ने ई-पाश मशीन पर अंगूठा लगवाकर उन्हें राशन नहीं दिया था। इतना ही नहीं टीम को दुकान पर स्टॉक बोर्ड अद्यतन व पात्रता व अपात्रता संबंधी सूचना पट्ट भी प्रदर्शित नहीं मिला। टीम ने इसे अनुबंध की शर्तों व उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु आदेश 2016 का उल्लंघन माना है। इसके बाद टीम ने दुकान से खाद्यान्न, ई-पाश व ई-वेइंग मशीन, 41 खाली जूट के कट्टे को जब्त कर लिया और निकटवर्ती उचित दर विक्रेता मेसर्स पंकज त्यागी को सुपुर्द कर दिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक पूजा गुप्ता की तहरीर पर महेश शर्मा व कपिल शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।