हापुड़। नगर के एसएसवी इंटर कालेज में केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत 70 गांवों में 20226 लोगों को घरौनी प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का लखनऊ से भी सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि यह ख़ुशी का अवसर है। आप सभी लोगों को आपके मकान के मालिक होने का अधिकार सरकारी तौर पर मिल गया है। आपके मकान पर अब कोई कब्जा नहीं कर सकेगा। देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने एक बहुत बड़ी महत्वपूर्ण योजना लागू की है। आप सभी लोगों को आपके अपने घर का मालिकाना हक मिल गया है।
जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने कहा कि घरौनी मिलने से संपत्ति पर उनके अधिकार को वैधता मिल जाएगी और आबादी क्षेत्र में राजस्व विवादों में पर्याप्त कमी आएगी। लोगों को कोर्ट का चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि घरौनी मिलने के बाद लोगों को बैंकों से ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी, जिससे वे अपना स्वरोजगार, व्यवसाय एवं आवश्यक कार्य कर सकेंगे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूण, क्षेत्रीय विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया और जिलाध्यक्ष नरेश तोमर भी मौजूद रहे।