कोतवाली क्षेत्र स्थित मोती कालोनी में मंगलवार की दोपहर एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। तेज धमाके साथ सिलेंडर फटने से कमरे की छत उड़ गई। आग लगने से मकान में रखा गृहस्थी का सामान राख हो गया।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मोती कालोनी में मकान के निचले हिस्से में नासिर व ऊपरी मंजिल पर भाई राशिद रहता है। मंगलवार को राशिद के परिवार के लोग सहरी खाकर सो गए।
दोपहर अचानक रसोईघर में गैस सिलेंडर में आग लग गई। इसी के साथ तेज धमाके से सिलेंडर फट गया और कमरे की छत उड़ गई। इससे परिवार के लोग जाग गए और शोर मचाते हुए घर से बाहर भागे।
सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड के न पहुंचने पर लोग खुद आग बुझाने में जुटे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच घर में रखा गृहस्थी का सामान राख हो चुका था।
ग्रामीणों की माने तो आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, इसको लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। पीड़ित ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर में आग के कारण फट गया था और छत उड़ गई। दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है।