हापुड़। शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े का निस्तारण न होने के कारण पिछले चार दिनों से सड़कों और घरों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य लगभग बंद पड़ा है। इस कारण गली-मोहल्लों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सड़कों पर गंदगी फैलने के कारण बदबू फैल रही है और इससे शहर की तीन लाख की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के पक्का बाग निवासी और संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री संजय अग्रवाल ने कहा कि पिछले चार से पांच दिनों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। पालिका के कर्मचारियों से जानकारी की तो सामने आया कि रामपुर रोड डलाव घर फुल होने के कारण कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। इस कारण बाजार में आने वाले कर्मचारियों तक को परेशानी हो रही है। दुकानों के बाहर कूड़े का ढेर होने के कारण बदबू फैल रही है।
वहीं, सभासद नितिन पाराशर ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले तीन दिनों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के वाहन नहीं आ रहे हैं। परेशान होकर लोग मोहल्लों के बाहर कूड़ा डाल रहे हैं। यह कूड़ा भी सड़कों से नहीं उठ रहा है। सूचना मिली है कि रामपुर रोड का डलाव घर फुल हो चुका है और मशीनें भी कूड़े के पहाड़ को हटा नहीं पा रही हैं।
नगर के किसी भी मोहल्ले में गाड़ी व कूड़ा उठाने की रिक्शा नहीं जा रही है। सिल्ट व कूड़े की परेशानी होने कारण वार्डों में नाली तक की सफाई नहीं हो रही है। पालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कुछ नहीं कर रहे हैं।
-
जमीन खरीद में देरी से बढ़ी परेशानी
नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए जमीन की खरीद की प्रक्रिया को पूरा नहीं करा पा रहे हैं। इस प्रक्रिया को चलते-चलते अब करीब एक वर्ष का समय पूरा हो जाएगा। ऐसे में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। वहीं, कई बार कूड़े के उठान को लेकर समस्या बनी चुकी है। इसके बाद भी अधिकारी लीपापोती कर रहे हैं। इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
-
कोट
नगर पालिका की टीमें हर दिन शहर की सड़कों से कूड़ा उठा रही हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी जारी है। मंगलवार की दोपहर को वाहन खराब होने के कारण मात्र दो घंटे के लिए कार्य बाधित रहा था। यदि कोई शिकायत सामने आती है तो उस पर कार्रवाई करेंगे। जमीन खरीद की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। - संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी