ब्रजघाट तीर्थनगरी में गंगा मैया का जन्मोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान फव्वारा चौक से देवी देवताओं और देश भक्ति से जुड़ी झांकियों के साथ मां गंगा के पंखे की शोभायात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा का शुभारंभ समाजसेवी जितेंद्र यादव ने किया। जगह-जगह शोभायात्रा का भक्तों ने पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। वैशाख शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को ब्रजघाट तीर्थनगरी में मां गंगा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर नमामि गंगे के जिला संयोजक अशोक शर्मा, तीर्थ पुरोहित पंडित राजकुमार लालू, गंगा सेवा समिति प्रमुख विनय मिश्रा, प्रदीप माथुर, छोटे पहलवान, रज्जन पंडित, मुकेश गुरु, डीपी यादव, जगमोहन शर्मा, पवन शर्मा, अमित शुक्ला ने मां गंगा के पंखे की पूजा अर्चना की।
इसके बाद फव्वारा चौक से शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शिवचौक, मुख्य बाजार, पुराना श्मशान रोड, पलवाड़ा मार्ग, पार्किंग बैरियर समेत विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए शाम को गेस्ट हाउस परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा में राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, गणेश, मां काली अखाड़ा, बजरंगबली, साईं बाबा, भारत माता, देशभक्ति समेत रंगमंच से जुड़ी झांकी भी शामिल रहीं। इनमें मां गंगा का डोला आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर मंगल शर्मा, अशोक नागर, नरेश शर्मा, कपिल नागर, त्रिनेत्र गोयल, संजय रस्तोगी, पवन सरपंच, नरेश शर्मा, मूलचंद यादव, सीताराम मौजूद रहे।