हापुड़। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बृहस्पतिवार को विकास भवन के सभागार में विशेष समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निशुल्क टूलकिट वितरित की गईं, इनमें सिलाई मशीन समेत आधुनिक औजार शामिल रहे। टूलकिट मिलने के बाद लाभार्थियों ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीन और औजार उपलब्ध होने से काम करना आसान होगा और आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
समारोह के दौरान हस्तशिल्पियों और कारीगरों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। समारोह में विधायक विजयपाल आढ़ती, विधायक धर्मेश तोमर, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। सीडीओ श्रुति शर्मा, पीडी अनवर शेख, उपायुक्त उद्योग खुशबू सिंह, अजीत सिंह, मोहम्मद सलीम और सोनू त्यागी मौजूद रहे। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में हस्तशिल्पी, कारीगर और योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।