सिंभावली। क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी युवक ने दो युवकों पर विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब छह लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी का पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी जान मोहम्मद ने एसपी को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि वह काफी समय से निजी कंपनियों में नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान वह गांव में ही रहने वाले व्यक्ति के घर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात जनपद मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव अशीलपुर निवासी दो युवकों से हुई। उन्होंने बताया कि लोग काम करने के लिए युवाओं को विदेश भेजते हैं। उनके द्वारा विदेश भेजे गए काफी युवक अच्छे वेतन पर काम कर रहे हैं। आरोपियों ने उसे भी विदेश में एक लाख 25 हजार रुपये के वेतन पर नौकरी दिलाने की बात कही। वह आरोपियों के झांसे में आ गया। आरोपियों ने विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के लिए खर्च के नाम पर रुपयों की मांग की। उसने और उसके कई परिचितों ने आरोपी युवकों को कई बार में करीब छह लाख रुपये दे दिए। वहीं, आरोपियों ने उसका पासपोर्ट भी ले लिया। इसके बाद लंबा समय बीतने पर भी आरोपियों ने नौकरी नहीं लगवाई। पैसे मांगने पर आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर उसे टालते रहे। वहीं, अब आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इन्कार कर दिया है। पीड़ित ने आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराते हुए आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।