सिंभावली। क्षेत्र के गांव सैना निवासी युवती को ऑनलाइन क्विज में 25 लाख रुपये की लॉटरी जीतने का झांसा देकर साइबर ठग ने 1.01 लाख रुपये हड़प लिए। साइबर क्राइम सेल के निर्देश पर घटना के दो साल बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
गांव निवासी कनिका ने साइबर क्राइम थाना प्रभारी हापुड़ को तहरीर दी। बताया कि 21 फरवरी 2024 को उनके फोन पर केबीसी के नाम से एक वीडियो आया। जिसके बाद अनजान नंबर से युवक की कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि प्रतियोगिता में चयन किए गए मोबाइल नंबर के आधार पर उनका चयन 25 लाख की लॉटरी के लिए किया गया है। 25 लाख रुपये के इनाम की बात सुनकर वह आरोपी के झांसे में आ गई। उन्होंने आरोपी के कहे अनुसार अपना आधार कार्ड, पैन नंबर, बैंक पासबुक व अन्य कई दस्तावेज व्हाट्सएप के जरिए उसे भेज दिए। आरोपी ने खर्च व टैक्स के नाम पर कई बार में उनसे अलग-अलग नंबरों पर ऑनलाइन माध्यम से ही 1.01 लाख रुपये जमा करा लिए। जिसके बाद आरोपी का मोबाइल नंबर बंद जाने लगा। उन्होंने कई बार आरोपी को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन बात संभव नहीं हो सकी। जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।