रेवाड़ी व अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
वायु सेना के लेफ्टिनेंट की अस्थियां गंगा में विसर्जित
- सेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट थे सिद्धार्थ यादव, विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर हुए थे बलिदान
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रजघाट। भारतीय वायु सेना का जगुआर विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान जामनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव बलिदान हो गए। अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियां शुक्रवार को गंगा में विसर्जन की गई। परिजनों ने पुरोहित के पास पहुंच कर वंशावली में नाम दर्ज कराया।
हरियाणा प्रांत के जनपद रेवाड़ी के गांव भालकी माजरा निवासी सुशील यादव ने बताया कि उनके बेटे सिद्धार्थ यादव सेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात थे। भारतीय वायु सेना का जगुआर विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान जामनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में उनके बेटे बलिदान हो गए। सिद्धार्थ ने खुद के जीवन की कुर्बानी देकर सैकड़ों लोगों की जान बचा ली। वह प्लेन छोड़कर कूदे नहीं और आबादी से दूर खुले मैदान में गिरा दिया, ताकि और कोई हताहत न हो सके। उनके साथी पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि बेटे के शहीद होने से दस दिन पूर्व ही विवाह तय किया गया था। अब उसके अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां गंगा में विसर्जन की गई। पुरोहित मुकेश गुरु ने बताया कि अस्थियां विसर्जन करने के बाद शहीद के पिता समेत माता सुशीला, बहन दिव्या, मामी कल्पना, मौसी परमीला, ममेरे भाई सचिन सौरभ, चचेरे भाई सुधीर, सौरभ गंगा नगरी पहुंचे और वंशावली में नाम दर्ज कराया है। इस दौरान परिवार के लोगों की आंखों में आंसू आ गए।