हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी विहार कॉलोनी निवासी बीएसएफ के जवान राकेश कुमार से मकान बेचने के नाम पर कुछ लोगों ने 9.50 लाख रुपये हड़प लिए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने दपंती समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राकेश कुमार ने बताया कि वह पश्चिमी बंगाल बीएसएफ की 79वीं वाहिनी में तैनात हैं। वर्ष 2019 में वह कश्मीर (बारामुला) में तैनात थे। यहां से 30 दिन की छुट्टी लेकर वह घर आए हुए थे। इस दौरान मोहनलाल अपनी पत्नी सतवीरी निवासी मोहल्ला पंचवटी कॉलोनी उनके घर आए थे। मोहनलाल से उनके काफी पुराने घरेलू संबंध थे। आरोपी मोहनलाल ने उन्हें बताया कि उनका मकान गिरवी रखा है। उन्होंने मकान को 14.50 लाख रुपये में बेचने की बात कही।
आरोपी ने पहले गिरवी रखे मकान को छुड़ाने के लिए 9.50 लाख रुपये देने और बाकि पांच लाख रुपये बैनामे पर देने की बात कही। पीड़ित ने अपने रिश्तेदारों से 9.50 लाख रुपये उधार लेकर आरोपी के खाते में भेज दिए। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी पर चले गए।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्हें पता चला कि आरोपी ने षड़यंत्र के तहत अपने भतीजे सुमित कश्यप के नाम मकान का बैनामा कर दिया। रुपये वापस मांगने पर आरोपी व उसके भतीजे ने 40 हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कहते हुए उन्हें नौ चेक दिए थे। इसके बाद भी आजतक आरोपियों ने उनके रुपये नहीं लौटाए हैं।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दपंती समेत तीन व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।