हापुड़। नगर के गढ़ रोड स्थित मोहल्ला सर्वोदयनगर कॉलोनी निवासी माया देवी से प्लॉट बेचने के नाम पर कुछ लोगों ने 5.50 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी है। एसपी के आदेश पुलिस ने दो महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
माया देवी ने बताया कि गांव अयादनगर निवासी रीनू वर्तमान में अपने परिवार के साथ मोहल्ला हर्ष विहार में रह रही है। आरोपी ने उनसे उनका मोहल्ला चमरी स्थित 150 वर्गगज का प्लॉट खरीदने की बात कही थी। उन्होंने आरोपी से प्लॉट का सौदा 6.03 लाख रुपये में तय किया था।
नवंबर 2024 में आरोपी ने रजिस्टर्ड इकरारनामा उनके नाम पर किया था। इस एवज में उन्होंने चार लाख रुपये आरटीजीएस व 1.50 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए थे। सात जनवरी 2025 को आरोपी ने कोमल गोयल निवासी मोहल्ला सर्वोदयनगर पिलखुवा को यह प्लॅाट बेच दिया था। आरोपी रीनू, उसका भाई संजीत व निशांत, मां जगरोशनी, पति नीरज व बैनामा लेखक विकास कुमार ने मिलकर धोखाधड़ी से उनसे 5.50 लाख रुपये हड़प लिए।
जबकि बैनामा लेखक विकास कुमार ने उन्हें आरोपियों से मिलवाया था। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर रीनू, संजीत, निशांत, जगरोशनी, पति नीरज व बैनामा लेखक विकास कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियोंं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।