पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र के हावल मोहल्ला निवासी महिला ने एक व्यक्ति पर 1.82 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। वहीं, रुपये मांगने पर गाली गलौज कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हावल निवासी समरीन पुत्री अंजारुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अब्दुल रहमान को सऊदी अरब भेजने के लिए 1.82 लाख रुपये उधार दिए थे। अब्दुल रहमान इस समय सऊदी अरब में है। कई बार रुपये मांगने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने रहमान के परिजनों से बात की, लेकिन उन्होंने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
30 अप्रैल की रात करीब आठ बजे जनपद मेरठ थाना परीक्षितगढ़ गांव सौंदत निवासी अफसार और अरमान उसके घर पर पहुंचे। दोनों ने गाली गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर पर अब्दुल रहमान, अफसार और अरमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।