हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के अंतर्गत साइबर ठगों ने एमआई रिलायंस भोवापुर रोड स्थित एमएमएक्स फूड्स कंपनी के मालिक की मोबाइल फोन पर डीपी लगाकर कर्मचारी अशोक सिंघल से 18 लाख रुपये ठग लिए। कंपनी के कर्मचारी की तहरीर पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अनिल सिंघल ने बताया कि वह एमएमएक्स फूड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करते हैं। 30 जून को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश आया था। आरोपी के मोबाइल पर उनकी कंपनी के मालिक का फोटो लगा था। इसके बाद उन्होंने इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर लिया।
एक जुलाई को उनके मोबाइल पर इसी नंबर से दोबारा व्हाट्सएप मैसेज आया था। आरोपी ने उनसे ऑफिस में होने की बात पूछी थी। इस पर उन्होंने 12 बजे तक ऑफिस में पहुंचने के मैसेज भेज दिया था। दो जुलाई को तीसरी बार आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे ऑफिस में होने की बात पूछी, इस पर उन्होंने बताया कि वे साढ़े दस बजे तक ऑफिस पहुंच जाएंगे।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से 18 लाख रुपये उसके खाते में भेजने के लिए कहा था। उन्होंने साढ़े 11 बजे अपने खाते से 18 लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद आरोपी ने उनसे 1.90 करोड़ रुपये उसके खाते में भेजने को कहा था। इस पर उन्हें शक हुआ और छानबीन की तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में वह थाना साइबर क्राइम पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की थी। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कंपनी कर्मचारी की तहरीर पर साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।