हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला कोठी सादक अली निवासी अमित कौशिक ने एक व्यक्ति पर उधार दिए साढ़े दस लाख रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमित कौशिक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी अमित ट्रेडर्स के नाम से फर्म है और वह पेपर ट्रेडिंग का कार्य करते हैं। कुछ वर्ष पहले उनकी सूरज शर्मा निवासी बहादराबाद जिला हरिद्वार से जान पहचान हुई थी। सूरज की एक फर्म क्लासिक इंटरप्राइजेज के नाम से बहादराबाद जिला हरिद्वार में है। कई वर्षों से जान पहचान की वजह से सूरज का उनके घर पर भी आना जाना हो गया था। इससे उनकी सूरज से घनिष्ठता अधिक बढ़ गई थी।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर सूरज ने अपना कारोबार बढ़ाने के लिए उनसे साढ़े दस लाख रुपये की मांग की थी। सूरज ने आश्वासन दिया कि वह अपनी ट्रेडिंग का पेपर भी अधिकांश उन्हें की विक्रय करेगा और तीन माह में उधार लिए रुपये वापस करेगा। उन्होंने साढ़े दस लाख रुपये का भुगतान सूरज को कर दिया। रुपये की एवज में सूरज ने साढ़े दस लाख रुपये का चेक भी उन्हें दिया था। सूरज 27 मई 2025 तक नियत अवधि में उनके रुपये वापस नहीं कर पाया। इस पर उन्होंने दिए गए चेक को अपने खाते में लगा दिया। बेईमानी की नियत से सूरज ने उनका पेमेंट रुकवा दिया।
उन्होंने सूरज से अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी ने गाली गलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी लगातार रात में व्हाट्सएप कॉल करके उन्हें जान से मारने की धमकी देता आ रहा है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर सूरज शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।