वीडियो में तीन युवक बाइक पर बैठकर व एक पीछे खड़ा होकर स्टंट करता हुआ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर यातायात पुलिस ने बाइक का साढ़े 26 हजार रुपये का चालान काटा है। पुलिस स्टंट करने वालों की पहचान कर रही है। सीओ यातायात राहुल यादव ने बताया कि सोमवार को एक बाइक पर तीन युवकों के बैठने व एक के पीछे खड़े होकर स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा था।
वीडियो नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर यातायात प्रभारी छविराम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात प्रभारी ने कार्रवाई करते हुए बाइक का साढ़े 26 हजार रुपये का चालान किया है। साथ ही बाइक पर स्टंट करने वाले युवकों की पहचान कराई जा रही है। सीओ ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लघंन व स्टंट करने वालों पर समय-समय पर यातायात पुलिस कार्रवाई कर रही है। ऐसा करने वालों पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।