ब्रजघाट। गंगानगरी में मंगलवार की दोपहर कार की चपेट में आकर सड़क पर खेल रही चार साल की मासूम लाड़ो की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगानगरी में गंगाराम अपनी पत्नी बादल के साथ होली चौक के निकट झोपड़ी बनाकर रहते हैं। उनकी चार साल की बेटी लाडो मंगलवार की दोपहर फव्वारा चौक के निकट सड़क पर खेल रही थी। इसी दौरान चौक पर खड़ी कार के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, चालक कार समेत मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। बच्ची के साथ हुए हादसे की जानकारी मिलते ही माता-पिता घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि फव्वारा चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।