धौलाना। थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी प्रमोद कुमार से रिश्तेदार बनकर साइबर ठगों ने चार लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रमोद कुमार ने बताया कि 25 सितंबर 2024 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आपको उनका रिश्तेदार बताया था। परेशानी बोलकर चार लाख रुपये की मांग की थी। आरोपी ने 11.70 लाख रुपये सुबह व शाम में उनके खाते में भेजने का भी विश्वास दिलाया था। भरोसा करके उन्होंने चार लाख रुपये आरोपी द्वारा बताए फोन पे पर भेज दिए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।