गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ले में मायके में रह रही महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ शनिवार की शाम खादर क्षेत्र के गांव लठीरा में पहुंच कर गंगा में छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने महिला और उसकी दो बेटियों को तो बचा लिया, लेकिन उसकी एक वर्ष की बेटी गंगा के तेज बहाव में बह गई। काफी तलाश किए जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
नगर के मोहल्ला निवासी महिला की शादी क्षेत्र के ही गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद महिला ने चार बेटियों को जन्म दिया। चार बेटी होने पर पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे अक्सर ताने देते थे। जिसे लेकर घर में विवाद भी होने लगा। विवाद के कारण महिला पिछले कई दिनों से अपनी चारों बेटियों के साथ मायके में रह रही थी। शनिवार की शाम को वह अपनी 13 वर्ष की बेटी को घर छोड़ कर पांच साल की बेटी समेत तीनों बेटियों को लेकर घर से बिना बताए नक्का कुआं मार्ग से होकर जनपद अमरोहा के गांव चक लठीरा के सामने गंगा किनारे पहुंच गई।
मानसिक रूप से परेशान महिला ने तीनों बेटियों के साथ गंगा में छलांग लगा दी। महिला की इस हरकत को देखकर वहां खेतों में काम करने वाले किसानों ने गंगा में कूद कर उसे और उसकी दो बेटियों को बचा लिया। हालांकि, एक वर्ष की बेटी गंगा के तेज बहाव में बह गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के परिजनों को भी मौके पर बुला लिया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामला जनपद अमरोहा क्षेत्र से जुड़ा है। लेकिन, गंगा के इस पार का क्षेत्र होने के कारण कोतवाली पुलिस को वहां भेजा गया है। एक साल की बच्ची की तलाश लगातार कराई जा रही है। वहीं, महिला के ससुराल और मायके पक्ष के लोगों को भी सूचना दी गर्ई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। स्तुति सिंह, सीओ