संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव माधापुर के सेवानिवृत्त दरोगा और तीन अन्य लोगों के घरों में आठ से दस बदमाशों ने घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। दो घरों में बदमाशों ने दो महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया और लाखों के आभूषण व नकदी लेकर बदमाश फरार हो गए। बड़ी बात है कि घटना से कुछ देर पहले ही गांव में ड्रोन उड़ते देखे गए थे और ग्रामीणों ने पुलिस को भी मामले की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान बदमाश घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए, जिनकी फुटेज के सहारे पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पिछले कई दिनों से गढ़ समेत क्षेत्र के कई गांवों के आकाश में ड्रोन उड़ने का मामला आम जनता में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। सिंभावली क्षेत्र के गांव माधापुर में शनिवार की रात को काफी देर तक कई ड्रोन आकाश में उड़ते रहे, जिसके बाद गांव में बदमाशों ने धावा बोल दिया। गांव निवासी रामकुमार त्यागी सेवानिवृत्त दरोगा हैं। शनिवार रात वे पत्नी मुनीश और बेटे चिंकू के साथ सोए हुए थे। देर रात में बदमाशों गेट का ताला तोड़कर मकान की ऊपरी मंजिल में पहुंच गए। जहां रखी सेफ से सोने चांदी के जेवरात समेत हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। आहट होने पर पत्नी मुनेश आंख खुलते ही कमरे से बाहर निकली तो बदमाश उस पर हमला कर दिया, जिससे परिवार सहम गया। बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए।
इसके अलावा बदमाशों ने मनोज त्यागी के घर पर भी धावा बोला, बदमाश सेफ में रखी करीब सवा लाख की नकदी समेत लाखों के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने यहां मनोज की ताई राजबाला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा बदमाश मूलराज और सुरेंद्र के घर से जेवरात समेत लाखों की नगदी लेकर फरार हो गए। लेकिन इन चार घटनाओं के बावजूद पुलिस ने मामला चोरी की धाराओं में दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में दोनों महिलाओं से मारपीट और आठ से 10 बदमाशों के होने की बात का जिक्र है। लेकिन मामला चोरी की धाराओं में दर्ज किया गया है। जबकि गांव के ऊपर ड्रोन देखे जाने के बाद पूरा गांव सतर्क था। ऐसे में बदमाशों ने एक साथ चार घरों में घटना को अंजाम दिया और पुलिस ने धाराओं में खेल कर दिया। पुलिस की इस कार्यशैली से ग्रामीण और दहशत में हैं। रविवार को पुलिस ने परिवारों से पूछताछ करते हुए पुलिस गांव के कई घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, ताकि बदमाशों का सुराग हाथ लग सके।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी कराई जा रही है, इस संबंध में जांच कराकर सही धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। ड्राेन से इसका क्या संबंध है इसकी भी जांच कराई जा रही है, पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।