संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर कोतवाली पिलखुवा पुलिस ने नौ दिन पहले रामा अस्पताल के पास स्थित ओम साईं राम टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ बैटरी, पांच रिम, बोल्ट खोलने वाली मशीन व घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद की है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार व उनकी टीम ने मोईन व साहिल निवासी गांव पटना मुरादपुर, सुमित निवासी मोहल्ला सोनपुर सोटावाली व वसीम खां निवासी मोहल्ला कोटला समर गार्डन को मसौता रोड रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी 11 जुलाई की देर रात पिलखुवा के रामा अस्पताल स्थित ओम साईं राम टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर को अपना निशाना बनाकर यहां से 12 बैटरी, दो ईसीएम, अल्टीनेटर व व्हील रिम चोरी कर फरार हो गए थे।
इस संबंध में शोरूम के जीएम हेमंत कुमार निवासी हर्ष विहार 25 फुटा रोड दिल्ली ने कोतवाली में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के दौरान इन चार शातिर चोरों के नाम प्रकाश में आए थे। एएसपी ने बताया कि आरोपी मोईन इस सर्विस सेंटर में कार्य करता है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शराब पीने का आदी है। अपना शौक पूरा करने के लिए उसने आरोपी वसीम खां, सुमित व साहिल के साथ मिलकर सर्विस सेंटर में चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद आरोपी मोईन ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस जिले व आसपास के जिलों से सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी की जा रही है।