जिले में बिजली आपूर्ति आए दिन बेपटरी हो रही है। शुक्रवार को भी सिंभावली बिजलीघर के केबिल बॉक्स में फाल्ट होने से हापुड़ डिवीजन के 13 बिजलीघर ठप हो गए। चार घंटे की मशक्कत के बाद बिजलीकर्मियों ने आपूर्ति सुचारु कराई।
सिंभावली स्थित 220केवीए के पावर स्टेशन से हापुड़ डिवीजन के 13 बिजलीघरों को आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पावर स्टेशन के केबिल बॉक्स में फाल्ट हो गया। इससे हापुड़ डिवीजन के तमाम बिजलीघरों की आपूर्ति ठप हो गई।
अचानक बिजलीघरों की आपूर्ति ठप होने से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सिंभावली बिजलीघर पर फाल्ट का पता चला तो अफसरों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय बिजलीघर तीन दिन से फाल्ट के कारण अधिकांश समय बाधित ही चल रहे हैं। शुक्रवार को भी चार घंटे तक 13 बिजलीघरों के ठप रहने से सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ता निगम अफसरों को फोन मिलाकर बिजली आने का समय पूछते रहे, लेकिन अफसर सिंभावली में फाल्ट बता अपना पल्ला झाड़ने में लगे रहे।
सिंभावली बिजलीघर में फाल्ट से हापुड़ डिवीजन के बाबूगढ़, पटना मुरादपुर, रामपुर, उबारपुर, प्रीत विहार, दिल्ली रोड, मोदीनगर रोड, धीरखेड़ा, जसरूपनगर, वझीलपुर, किल्हौड़ा, आनंद विहार, लालपुर बिजलीघर ठप पड़े रहे। इससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चार दिन से हापुड़ डिवीजन में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। सोमवार को धीरखेड़ा व जसरूपनगर बिजलीघर पूरी रात ठप पड़े रहे। मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे पटना मुरादपुर व रामपुर रोड बिजलीघर भी पूरी रात बंद रहे।
बुधवार शाम करीब पांच बजे रामपुर रोड बिजलीघर फिर से ठप हो गया। शुक्रवार को हापुड़ डिवीजन के सभी बिजलीघर चार घंटे तक ठप रहे।
कई दिन से फाल्ट के कारण स्थानीय बिजलीघरों के ठप रहने से अफसरों की नींद हराम हो गई है। शुक्रवार को डिवीजन के तमाम बिजलीघर ठप होने की सूचना मिली तो अफसरों की सांसे अटक गई लेकिन फाल्ट सिंभावली बिजलीघर में होने का पता लगते ही अफसरों ने राहत की सांस ली।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि सिंभावली बिजलीघर में फाल्ट से यह समस्या बनी थी। लोकल स्तर पर कोई परेशानी नहीं हुई। आपूर्ति मिलते ही उपभोक्ताओं को राहत दिला दी गई।