बिजली निगम के अफसर व कर्मचारी चार दिन में 9 किलोमीटर विद्युत लाइन की जांच नहीं कर पाए हैं। इसके चलते रामपुर रोड बिजलीघर 31 अगस्त से बंद पड़ा है। उधर, विभाग ने प्रभावित दर्जनों मोहल्लों का भार दिल्ली रोड बिजलीघर पर डाल दिया है। इससे वहां ओवर लोडिंग की समस्या खड़ी हो गई है।
30 अगस्त को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बाबूगढ़-रामपुर रोड बिजलीघर की लाइन में फाल्ट हो गया था। इसके चलते दो दिन तक बिजलीघर बंद रहा था। लोगों में गुस्सा बढ़ा तो प्रभावित मोहल्लों की आपूर्ति दिल्ली रोड बिजलीघर के फीडर नंबर 2 व 5 से दिया जाने लगा।
निगम अफसरों की लापरवाही का आलम यह है कि चार दिन बाद भी 9 किलोमीटर की लाइन की जांच नहीं की जा सकी है। अफसर इंसुलेटर में फाल्ट की वजह से यह समस्या होने की बात कह रहे हैं।
इन मोहल्लों को अब दिल्ली रोड से दी जा रही आपूर्ति
रामपुर रोड बिजलीघर के ठप होने से मोहल्ला करीमपुरा, एक मिनार मस्जिद, बॉडी मार्केट, बुलंदशहर रोड, सिकंदरगेट, भंडा पट्टी, पत्थर वाला कुआं, पुराना बाजार, काजीवाड़ा को अब दिल्ली रोड बिजलीघर से आपूर्ति दी जा रही है।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि लाइन जांच का काम दुरुस्त कर लिया गया है। जांच सिर्फ इसलिए की जानी है कि भविष्य में फिर फाल्ट की समस्या न हो। इस बिजलीघर से जुड़े मोहल्लों को अब दिल्ली रोड बिजलीघर से आपूर्ति दी जा रही है।