हापुड़। गढ़ रोड पर आठ करोड़ रुपये खर्च कर नाला निर्माण कराए जाने के बाद भी जलभराव की समस्या जस की तस है। नाला निर्माण में हुई लापरवाही पर पर्दा डालने के लिए अब चार करोड़ रुपये खर्च करके करीब 600 मीटर लंबे मुख्य मार्ग को करीब 35 सेंटीमीटर तक ऊंचा किया जाएगा। इसके लिए एचपीडीए और लोक निर्माण विभाग की मंगलवार को बैठक हो चुकी है। एचपीडीए ने गढ़ रोड पर एक तरफ नाले का निर्माण कराया है। व्यापारियों और मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नाले की चौड़ाई व गहराई पहले से कम कर दी गई है। यहां तक कि सड़क की तरफ नाले की दीवार को एक फीट से अधिक ऊंचा कर दिया है। इस कारण मुख्य मार्ग और कई मोहल्लों का पानी नाले में नहीं जा रहा है।
फ्लाईओवर से गढ़ रोड की तरफ जलभराव हो रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश में भी इस मार्ग पर दस घंटे से अधिक देर तक जलभराव रहा था। इस कारण यहां से गुजरने वाले 15 हजार से अधिक वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत झेलनी पड़ी थी।
लगातार कई स्तर पर हो रही शिकायतों के बाद अब सड़क की ऊंचाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। एचपीडीए की ओर से अपने ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई और जांच न करके इस प्रकार का निर्णय लेना भी सवाल खड़े कर रहा है। वहीं, इस मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग नहीं कराएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उन्हें शासन स्तर से प्रस्ताव पास कराना होगा और इसमें अधिक समय लग जाएगा। इसलिए एचपीडीए को ही सड़क का निर्माण कराना होगा।
कई मोहल्लों के हजारों लोग परेशान : गढ़ रोड पर नाला निर्माण में हुई लापरवाही का खामियाजा हजारों लोग भुगत रहे हैं। मोहल्ला न्यू भीमनगर, भीमनगर, सुभाष नगर, साकेत कालोनी, सर्वोदय काॅलोनी, गिरधारीनगर, प्रहलादनगर आदि मोहल्लों के हजारों लोग परेशान हैं।