कोहरे के चलते बृहस्पतिवार को हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर चार दुर्घटनाएं हुईं। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं, गढ़ में वेदांत कॉलेज के पास बाइक सवार दंपति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, हादसे में मासूम समेत दंपति घायल हो गए।
पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह गन्ने से लदा एक ट्रक हापुड़ से सिंभावली की ओर जा रहा था।
जैसे ही ट्रक बाबूगढ़ थाने के समीप पहुंचा तो ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। वहीं, ट्रक पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया। आधा घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।
दूसरी घटना बुलंदशहर रोड स्थित अकड़ौली गांव के समीप हुई। बाइक सवार आदित्य व गौरव निवासी मतनावली धौलाना हापुड़ से हाफिजपुर जा रहे थे। जैसे ही वह अकड़ौली के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक में मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी।
इस दौरान वहां से गुजर रहे एसडीएम धौलाना ने अपनी कार में बैठाकर दोनों युवकों को हाफिजपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत मेें दोनों को हापुड़ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
वहीं, तीसरी घटना कुचेसर चौपला पर हुई। दोपहर के समय बाइक सवार फुरकान निवासी ग्राम मुबारिकपुर से कुचेसर चौपला स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था। जैसे ही वह कुचेसर चौपला के समीप पहुंचा तो एक बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा हाईवे पर मंसूरपुर कट के समीप एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई।
उधर, गढ़ में वेदांत कॉलेज के पास सुबह करीब सात बजे अज्ञात वाहन ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रदीप माहुर उसकी पत्नी सुनीता और तीन वर्षीय बेटा सोनू निवासी झांजर जनपद गौतमबुद्धनगर घायल हो गए।
राहगीर उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां गंभीर हालत में डॉक्टर ने तीनों को मेरठ रेफर कर दिया। वहीं, एएसपी रामनयन यादव ने बताया कि अभी तक दुर्घटनाओं के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।