पनीर का नमूना लेते खाद्य विभाग की टीम। संवाद
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने रविवार को नगर के मोहल्ला अर्जुन नगर में छापा मारा। इस दौरान रसगुल्ले के साथ रेशे में मक्खियां तैरती मिलीं। इस पर 110 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए गए। इसके अलावा पिलखुवा में मिलावट के शक पर 10 किलो पनीर भी नष्ट कराया। टीम ने दोनों स्थानों से तीन नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार ने बताया कि रविवार को टीम ने नगर के मोहल्ला अर्जुन नगर में छापा मारा। यहां रसगुल्ला बनाने के एक प्रतिष्ठान में जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर जांच करते हुए रसगुल्ले का नमूना लिया है। साथ ही गंदगी मिलने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया है। टीम को मौके पर तैयार मिले रसगुल्लों में मिलावट का शक हुआ है। यहां तक कि जिस बर्तन में रसगुल्ले रखे हुए थे, उसमें मक्खियां भी तैर रही थीं। इस पर टीम ने करीब 110 किलोग्राम रसगुल्ले फेंकवा दिए।
इसके अलावा टीम ने पिलखुवा में एक भंडार पर कार्रवाई की है। यहां से टीम ने एक खोया और एक नमूना पनीर का लिया है। साथ ही साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं। टीम ने डीप फ्रीजर में गंदगी में रखे 10 किलोग्राम पनीर को भी नष्ट कराया है। बताया कि विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।