गढ़क्तेश्वर। बृहस्पतिवार को जनपद मेरठ के कस्बा किठौर को जाते समय चेन में दुपट्टा फंसने से अनियंत्रित होकर गिरी बाइक को पीछे से आ रही कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। वहीं, बच्चे की मां और बुआ को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव दौताई निवासी फहीम बृहस्पतिवार की दोपहर बाद अपनी भाभी कौसर जहां और बहन गुलशमा के साथ घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए जनपद मेरठ के कस्बा किठौर जा रहा था। गढ़-मेरठ मार्ग पर गांव लोधीपुर सोभन के सामने पहुंचते ही गुलशमा का दुपट्टा अचानक बाइक की चेन में फंस गया। अचानक झटका लगने पर संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर फिसल गई। इससे पहले कि फहीम, कौसर जहां और गुलशमा संभल पाते, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे कौसर जहां, उसका पांच वर्षीय बेटा अजहान, ननद गुलशमा और देवर फहीम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल में पहुंचा दिया। जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में बच्चे अजहान की मौत हो गई। मृतक की मां कौसर जहां और बुआ गुलशमा की हालत गंभीर होने पर उन्हें चिकित्सक ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे में मृतक अजहान का चाचा फहीम भी घायल हो गया, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि संबंधित घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, इसकी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।