फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच डिग्री और लुढ़का पारा, ठंड से हाल बेहाल

Fri, 30 Dec 2016 11:21 PM IST
ब्यूरो , अमर उजाला हापुड़
विज्ञापन
शीतलहर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कोहरे और गलन से लोगों का बुरा हाल है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर में थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली लेकिन शीत लहर के कारण बेअसर रही। ठंड के कारण लोग पूरे दिन घरों में सिमटे रहे।
विज्ञापन


मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक फिलहाल तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बृहस्पतिवार शाम ढलते ही कोहरे का कहर शुरू हो गया। करीब सात आठ बजे तक पूरे क्षेत्र को कोहरे ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। सुबह भी यही हाल रहा। दोपहर तक दृश्यता इतनी कम थी कि लोग गाड़ियों की लाइटें जलाकर चल रहे थे।

कोहरे और गलन के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और वृद्धों को हुई। सुबह मार्निंग वॉक के लिए गिनेचुने लोग ही निकले। वहीं ज्यादातर अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा।
विज्ञापन


दोपहर तक लोग जगह-जगह अलाव के आसपास बैठे मिले। दोपहर में थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली लेकिन हवा में गलन इतनी थी कि धूप से कुछ खास राहत नहीं मिली।

मौसम विज्ञानी मनोज आत्रेय ने बताया कि पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान पांच डिग्री घटकर 16 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री घटकर 8 डिग्री दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनोें में फिलहाल तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

शीत लहर के चलते स्कूल तीन दिन बंद
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों को दो जनवरी तक बंद करने के आदेश दिए हैं। आदेशों की अवहेलना पर संबंधित स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले दो दिन से भयंकर ठंड पड़ने के कारण स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हो रही थी।

इसे देखते हुए शिक्षक नेताओं और अभिभावकों द्वारा स्कूलों की छुट्टी करने की मांग की जा रही थी। मौसम को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई व सीबीएसई के स्कूलों की 31 दिसंबर से दो जनवरी तक अवकाश की घोषणा कर दी है। डीएम के इस निर्णय का अभिभावकों ने स्वागत किया है।

छुट्टी से बच्चे खुश
सुबह कोहरे और ठंड के  कारण स्कूल जाने में काफी परेशानी हो रही थी। स्कूल में भी पढ़ाई नहीं हो पा रही थी। अब छुट्टी की घोषणा होने से हमें ठंड में स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। - श्वेता, कक्षा आठ की छात्रा
 डीएम अंकल ने छुट्टी कर हमें न्यू ईयर का गिफ्ट दे दिया है। अब हमें ठंड में स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। ठंड में सुबह उठने और स्कूल जाने में हमें काफी परेशानी हो रही थी। - चंचल, पांचवीं क्लास की छात्रा


अलाव नहीं जलने पर भड़के दुकानदार
 अलाव नहीं जलने से परेशान गांधी बाजार के दुकानदारों का गुस्सा शुक्रवार दोपहर फूट पड़ा। दुकानदारों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द अलाव जलवाने की मांग की है।

शुक्रवार दोपहर गांधी बाजार में दुकान करने वाले अनेक दुकानदार एकत्रित हुए और अलाव नहीं जलने पर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित दुकानदारों ने बताया कि इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बाद भी पालिका के अधिकारी अलाव जलवाने में लापरवाही कर रहे हैं।

कुछ स्थानों पर ही अलाव जल रहे हैं। ऐसे में राहगीर सर्दी में ठिठुर रहे हैं। जल्द अलाव जलवाने की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी नहीं हो। प्रदर्शन करने में मोहित, दिनेश, राहुल, नरेश, बिरजू, दीपक, मोहन, मनोज, रिंकू, संजय शामिल रहे।

नगर पालिका के ईओ हेमराज सिंह ने कहा कि पालिका द्वारा चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। जहां अलाव नहीं जल रहे हैं, वहां के लोग संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें