बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव होशदारपुर गढ़ी में हिस्ट्रीशीटर बॉबी उर्फ बोबिंदर (45) को रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामना आया है
पुलिस ने मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव होशियारपुर गढ़ी निवासी बाॅबी रविवार देर शाम 57 चौराहे के पास सड़क पर घायलावस्था में पड़ा हुआ था। बाॅबी को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे हापुड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर थाना प्रभारी विजय गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बॉबी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। बाॅबी के कान के पास गोली मारी गई है। हापुड़ के अस्पताल से उसे मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और जानलेवा हमले जैसे 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार बॉबी की गांव के ही कुछ लोगों से रंजिश थी और फिलहाल वह कुछ काम भी नहीं कर रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम उसने कुछ लोगों के साथ एक होटल में शराब पी थी। आशंका है कि इसी दौरान हुए विवाद के बाद उसे गोली मारी गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में घायल के पिता राजेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामना आया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है।