हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर में जमीन विवाद में कुछ लोगों ने खेत पर गन्ने की छुलाई कर रहे युवक पर फायरिंग कर दी। इसमें युवक बाल-बाल बच गया। इसके साथ ही आरोपियों लाठी डंडों, सरियों और तमंचे की बट से युवक व उसके माता पिता पर भी हमला किया। हमले में सभी घायल हो गए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई राजेंद्र, कृष्ण और भतीजा सोनू व पुष्पेंद्र झगड़ालू किस्म के व्यक्ति हैं। आरोपी आए दिन खेत की जमीन के विवाद में उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट करते रहते हैं। 19 जनवरी की सुबह लगभग सात बजे वह पत्नी जयवती व पुत्र भूपेंद्र के साथ खेत पर गन्ने की छुलाई करने गए थे। इसी बीच आरोपी अपने हाथों में लाठी डंडें, सरिया और तमंचा लेकर उनके खेत पर पहुंचे।
इस दौरान आरोपी पुष्पेंद्र ने गाली गलौज कर जान से मारने की नीयत से उनके पुत्र भूपेंद्र पर फायरिंग कर दी। इसमें उनका पुत्र बाल-बाल बच गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने लाठी डंडों, सरियों और तमंचे की बट से उन पर, उनकी पत्नी व पुत्र पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में वह तीनों घायल हो गए। इसके बाद उनके पुत्र ने डायल 112 को सूचना दी तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर बाइक से भाग गए। पुलिस ने तीनों को मेडिकल कराकर अपने पास रख लिया, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
20 जनवरी को उन्होंने घटना की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। विवश होकर वह न्यायालय की शरण में पहुंचे थे। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर राजेंद्र, कृष्ण, सोनू और पुष्पेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।