पिलखुवा। शहर में दिवाली पर बिक्री के लिए पटाखे जमा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मदापुर मुस्तफाबाद के जंगल स्थित एक निर्माणाधीन मकान से दो लाख रुपये के पटाखे बरामद हुए हैं।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि सोमवार रात पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने निर्माणाधीन मकान में पटाखे रखे होने की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक मिला। पुलिस ने उसे पकड़कर मकान की तलाशी ली। वहां गत्तों और प्लास्टिक के डिब्बों में विभिन्न किस्मों के पटाखे रखे मिले।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मदापुर मुस्तफाबाद निवासी इकरार है। उसने दिवाली पर बिक्री के लिए पटाखे बाहर से लाने की बात कही। दो कार्टन और पांच बोरे में अलग-अलग प्रकार के पटाखे बरामद किए गए हैं। सीओ ने बताया कि पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।